Ramlala- विराट-अनुष्का ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए

हनुमानगढ़ी भी गए

अयोध्या 

विराट कोहली और अनुष्का ने रविवार को अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। पुजारी ने दोनों को माला पहनाई। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे। दोनों ने सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन किए। दोनों गर्भगृह में करीब 10 मिनट रहे। हालांकि राम मंदिर में विराट-अनुष्का की तस्वीरें सामने नहीं आई हैं।

मंदिर के सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया- विराट और अनुष्का को प्रोटोकॉल के तहत अंदर ले जाया गया। वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने रामनामी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

रामलला के दर्शन करके दोनों करीब 8 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचे। विराट ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला चढ़ाई। पुजारी ने उन्हें सफेद और लाल रंग के फूलों की दो मालाएं पहनाईं। सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

अनुष्का को भी पुजारी ने पीले रंग की दो मालाएं पहनाकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद महंत ने दोनों को शॉल ओढ़ाई। विराट ने अनुष्का का हाथ पकड़कर मंदिर की परिक्रमा भी की। दोनों वहां करीब 20 मिनट रुके।

विराट-अनुष्का ने राम मंदिर के पुजारी से मंदिर की नक्काशी के बारे में बात की। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य को भी देखा। अभी तक यहां केवल निर्माण एजेंसियों से जुड़े लोग और पदाधिकारी ही आते-जाते हैं। दोनों करीब आधे घंटे मंदिर परिसर में रहे।

अनुष्का शर्मा लखनऊ चिकन का कुर्ता पहने हुई थीं। सिर पर गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था। वहीं, विराट कोहली ने क्रीम रंग का कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। रामलला और हनुमानजी के दर्शन करने के बाद विराट-अनुष्का लखनऊ रवाना हो गए। विराट और अनुष्का के अयोध्या पहुंचने के बारे में पहले जानकारी नहीं मिली थी। दोनों लखनऊ से कार में अयोध्या आए थे। अयोध्या में भी दोनों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।

इससे पहले, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले दिन यानी 13 मई को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे थे। दोनों ने प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया था। प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का से पूछा था- प्रसन्न हो? इस पर विराट ने मुस्कुराकर कहा था- हां।