Heatwave : 9 राज्यों में हीटवेव, यूपी-बिहार में गर्मी से 107 मौतें

प्रयागराज देश में सबसे गर्म, तापमान 47.6 डिग्री, ओडिशा में 4 दिन में मानसून पहुंचेगा

नई दिल्ली। देश के उत्तरी राज्यों में गर्मी का दौर लगातार जारी है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार और झारखंड में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रयागराज लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर था। यहां तापमान 47 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में लू से 90 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, प्रशासन इसे मानने से इनकार कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा की मौतें गर्मी की वजह से हुई है, लेकिन डॉक्टरों का साफ कहना है कि ज्यादातर मौतें हीटवेव और हीट स्ट्रोक से हुई है। उधर, बिहार में सोमवार को लू से 17 लोगों की मौत हुई। हालांकि, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। औरंगाबाद में सोमवार को तापमान 46.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। छत्तीसगढ़ में गर्मी को देखते हुए समर वैकेशन 25 जून तक बढ़ाई गई हैं। यहां स्कूल 26 जून से खुलेंगे। ओडिशा में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल नहीं खोले जा रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून के 4 दिन में पहुंचने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं, ओडिशा में कलेक्टर फैसला लेंगे
छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ रही है। रविवार 16 जून को रायपुर और राजनांदगांव का टेम्परेचर 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते समर वैकेशन 25 जून तक बढ़ा दी गई हैं। इससे पहले राज्य सरकार ने गर्मी की छुट्टियां 22 अप्रैल से 15 जून तक घोषित की थीं।
वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि मौसम की स्थिति देखते हुए स्कूल कब खुलेंगे, इसका फैसला कलेक्टर करेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में 19 जून तक मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MENU