बीजापुर – नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आम जनता से बेहतर समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 85 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा ग्राम मुड़वेण्डी में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 12 मार्च 2026 को द्वितीय कमान अधिकारी श्री पवन कुमार के मार्गदर्शन में तथा सहायक कमांडेंट श्री थॉकचॉम उमाकांत मेती के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में ग्राम मुड़वेण्डी सहित आसपास के पारा चिनपारा, नयापारा, पटेलपारा एवं सुडुमेटा के लगभग 180 से अधिक ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल ड्रेस, पुस्तकें, स्कूल बैग, जूते, खेल सामग्री और लेखन सामग्री वितरित की गई। वहीं जरूरतमंद ग्रामीणों को साइकिल, साड़ी, पानी टैंक, कृषि उपकरण तथा दैनिक उपयोग के घरेलू सामान प्रदान किए गए।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री थॉकचॉम उमाकांत मेती ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा ग्रामीणों की विकास कार्यों में सहभागिता भी बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट श्री थॉकचॉम उमाकांत मेती, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।