Bhaarat ke Khilaaph Saajish : भारत के खिलाफ नापाक साजिश
पाकिस्तान के हुक्मरान अब तुर्की को भारत के मुखालिफ बतौर लांचिंग पैड इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहे हैं। पाकिस्तान ने अमेरिका, यूके,कोरिया, कनाड़ा, जापान, जर्मनी और आफ्रीकन देशों में भारत को बदनाम करने की साजिश रची है।

Bhaarat ke Khilaaph Saajish : पाकिस्तान ने अपने सभी दूतावासों को ये आदेश दे रखा है कि वे भारत के विरोध में धरना प्रदर्शन का आयोजन करें। उस देश के तमाम कद्दावर नेताओं को उसमें शरीक करें।
इसके अलावा भारत के मुखालिफ वहां के अखबारों में ज्यादा से ज्यादा खबरें छपवाएं। इस्लामाबाद की हुकूमत और वहां की आईएसआई की ओर से ये साझा मुहिम चलाई जा रही है। इसके लिए 5 अगस्त का दिन चुना गया है। इस दिन विश्व स्तर पर भारत को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।

यानि आप जब आज की जनधारा में ये संपादकीय पढ़ रहे होंगे। दुनिया के कुछ देशों में भारत के विरोध की ये साजिश चल रही होगी।
पाक की इस नापाक हरकत के पीछे सिर्फ और सिर्फ कारण यही है कि भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया। केंद्र सरकार के कुशल मार्गदर्शन में वहां विकास के एक से बढ़कर एक अच्छे कार्य हो रहे हैं।
उधर इसी बात को लेकर पाकिस्तानी हुक्मरानों को पेट दर्द हो रहा है। वहां की आईएसआई परेशान है। उसकी पत्थरों वाली दुकान बंद हो चुकी है। अब कश्मीर के युवा भारतीय सेनाओं में अपने भाग्य आजमा रहे हैं। जिन हाथों में पत्थर हुआ करते थे आज उनमें लैपटॉप और टैबलेट हैं।

उधर सेना ने आतंकवाद पर भी शिकंजा कस दिया है। भारत एक बड़ी वैश्विक ताकत बनकर सामने आ रह है। ऐसे में अब पाकिस्तान के हुक्मरानों को लगने लगा है कि उनकी नशे और आतंकवाद की खेती ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है।
दुनिया में बढ़ती भारत की साख और धाक के चलते अब पाकिस्तान का कश्मीर क्रंदन सुनने वाला भी विश्व में कोई नहीं दिखाई दे रहा है। लिहाजा उसने अपने राजदूतों को इसके लिए बतौर हथियार इस्तेमाल करने का मन बना लिया है।
उनकी तैयारी है कि 5 अगस्त को भारत के खिलाफ जमकर दुष्प्रचार किया जाए। इस मौके पर फर्जी मानवाधिकारों के मामलों को उठाया जाए। कोशिश यही हो कि भारत को ज्यादा से ज्यादा बदनाम किया जाए।
कोरोना काल में दुनिया ने भारत का विश्व प्रेम देखा है। जब भारत ने पूरी दुनिया के तमाम देशों को दवाओं की आपूर्ति की थी। यही नहीं कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति तो अभी भी कई देशों को कर ही रहा है।
तो वहीं पाकिस्तान में ही दुनिया का मोस्टवांटेड आतंकवादी ओसामा बिन लादेन मारा गया। पूरी दुनिया को पाकिस्तान आतंकवादियों की आपूर्ति करता है।

मानवाधिकारों के हनन के दुनिया में सबसे ज्यादा मामले भी पाकिस्तान में ही होते हैं। तुर्की जैसे लांचिंग पैड मिल जाने से वो अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकेगा।
अलबत्ता अपने पैसों के दम पर थोड़ा बहुत प्रयास जरूर करेगा। भारत सरकार को चाहिए कि वो तमाम देशों में अपने राजदूतों को भी इनकी इस साजिश का भंडाफोड़ करने के लिए तैयार रहने को कहें। ताकि दुनिया के सामने पाकिस्तान का एक और झूठ बेनकाब हो सके।